मलयालम अभिनेता कन्नन पट्टांबी का निधन
मलयालम अभिनेता कन्नन पट्टांबी का निधन
पलक्कड़ (केरल), पांच जनवरी (भाषा) मलयालम फिल्मों के ‘प्रोडक्शन कंट्रोलर’ और सह-अभिनेता कन्नन पट्टांबी का निधन हो गया है। फिल्म उद्योग से जुड़े सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
वह प्रसिद्ध निर्देशक मेजर रवि के छोटे भाई थे।
मेजर रवि ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, ‘मेरे प्रिय छोटे भाई कन्नन पट्टांबी, जो एक फिल्म प्रोडक्शन कंट्रोलर थे, का कल रात 11.41 बजे निधन हो गया। अंतिम संस्कार सोमवार शाम चार बजे पट्टांबी के नंजातिरी स्थित हमारे पारिवारिक आवास परिसर में किया जाएगा। ओम शांति।’
कन्नन पट्टांबी लंबे समय से फिल्म उद्योग से जुड़े थे और उन्होंने ‘पुलिमुरुगन’, ‘अनंतभद्रम’, ‘ओडियन’, ‘कीर्तिचक्र’, ‘वेट्टम’, ‘क्रेजी गोपालन’, ‘कंधार’, ‘तंत्र’ और ’12थ मैन’ जैसी कई लोकप्रिय फिल्मों में काम किया था।
अभिनय के साथ-साथ, उन्हें निर्माण प्रबंधन के क्षेत्र में उनके काम के लिए काफी सम्मान प्राप्त था।
कन्नन ने मेजर रवि, शाजी कैलाश, वी के प्रकाश, संतोष सिवन, के जे बोस और अनिल मेडयिल जैसे दिग्गज निर्देशकों की फिल्मों में बतौर ‘प्रोडक्शन कंट्रोलर’ अपनी सेवाएं दी थीं।
‘एफईएफकेए’ निर्देशक संघ और मलयालम फिल्म उद्योग की कई हस्तियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
भाषा सुमित मनीषा
मनीषा

Facebook


