(फाइल फोटो के साथ)
कोलकाता, 24 सितंबर (भाषा) स्पेन और दुबई के 12 दिवसीय दौरे से लौटने के एक दिन बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रविवार शाम को स्वास्थ्य जांच के लिए यहां सरकारी एसएसकेएम अस्पताल गईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा कि एसएसकेएम अस्पताल के वुडबर्न ब्लॉक में चिकित्सकों ने बनर्जी की जांच की। अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘वह नियमित जांच के लिए यहां आई हैं। फिलहाल चिकित्सक उनकी जांच कर रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री के करीबी सूत्रों ने बताया कि बनर्जी के पैर में कुछ समस्या है। उन्होंने बताया कि बनर्जी साल की शुरुआत में घायल हो गई थीं, जब वह खराब मौसम के कारण सेवोके हवाई पट्टी पर आपातकालीन लैंडिंग करने वाले हेलीकॉप्टर से उतर रही थीं।
सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री के बाएं घुटने में चोट लग गई थी और उनकी माइक्रोसर्जरी की गई थी।
राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए बनर्जी स्पेन और दुबई की 12 दिवसीय आधिकारिक यात्रा के बाद शनिवार शाम को कोलकाता लौट आईं।
भाषा आशीष देवेंद्र
देवेंद्र