कोलकाता, 16 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार रात मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर विधानसभा चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद आयोग द्वारा राज्य के चार शीर्ष अधिकारियों के अचानक तबादले किए जाने पर “गहरी चिंता और आश्चर्य” व्यक्त किया।
अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा 15 और 16 मार्च को जारी उन निर्देशों के संबंध में वह “पत्र लिखने के लिए विवश” हैं, जिनमें राज्य प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादलों और “एकतरफा नियुक्तियों” का आदेश दिया गया है।
इस आदेश के तहत मुख्य सचिव, गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।
बनर्जी ने पत्र में लिखा, “चुनाव संचालन से संबंधित किसी भी उल्लंघन, कदाचार या चूक के आरोप के बिना और ठोस कारणों के बिना इस तरह के व्यापक तबादले किए गए हैं।”
निर्वाचन आयोग ने रविवार रात राज्य के शीर्ष अधिकारियों मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को हटाने का आदेश दिया। इसके बाद सोमवार को जारी आदेश में आयोग ने पुलिस महानिदेशक पीयूष पांडे और कोलकाता पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार को भी बदल दिया।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल