तृणमूल पर हमले जारी रहे तो दिल्ली में भाजपा नेताओं के आवास के बाहर धरना देंगे: ममता
तृणमूल पर हमले जारी रहे तो दिल्ली में भाजपा नेताओं के आवास के बाहर धरना देंगे: ममता
कोलकाता, तीन सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को यहां तृणमूल कांग्रेस के कैमक स्ट्रीट स्थित कार्यालय में हुई कथित तोड़फोड़ की निंदा करते हुए चेतावनी दी कि अगर ऐसे ‘‘अत्याचार’’ जारी रहते हैं, तो उनकी पार्टी नयी दिल्ली में भाजपा नेताओं के आवास के बाहर धरना देगी।
‘फेसबुक लाइव’ में इस मुद्दे पर बात करते हुए, बनर्जी ने भाजपा समर्थित लोगों पर दस्तावेज और उपकरण लूटने का आरोप लगाया और कहा कि तृणमूल कांग्रेस कार्यालय पर हुआ कथित हमला राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम कोलकाता में सुबह-सुबह हमारे पार्टी कार्यालय में हुई तोड़फोड़ की निंदा करते हैं। अगर कोलकाता में कानून-व्यवस्था की यह स्थिति है, तो जरा सोचिए कि ग्रामीण इलाकों में क्या हाल होगा।’’
बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोलकाता पुलिस को ‘‘विश्वास में लेकर’’ तृणमूल के कार्यालय में तोड़फोड़ की और परिसर से जरूरी दस्तावेज एवं उपकरण ले गए।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा के गुंडों ने कोलकाता पुलिस को विश्वास में लेकर हमारे दस्तावेज और उपकरण लूट लिए और हमारे कार्यालय में तोड़फोड़ की।’’
तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकीं बनर्जी ने भाजपा पर पश्चिम बंगाल में ‘‘पूरी तरह से अराजकता’’ फैलाने का आरोप भी लगाया और यादवपुर विश्वविद्यालय में हुई गुंडागर्दी की निंदा की।
बनर्जी ने कहा, ‘‘यादवपुर विश्वविद्यालय में जो कुछ हुआ, वह भाजपा की गुंडागर्दी है। हम इसकी निंदा करते हैं।’’
तृणमूल प्रमुख ने आरोप लगाया कि ऐसी स्थिति बनाई जा रही है जिसमें उन्हें बेरोक-टोक घूमने-फिरने से रोका जा रहा है।
कथित धमकियों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि वे मुझे घर से बाहर नहीं निकलने देंगे।’’
बनर्जी ने चेतावनी दी कि अगर उनके नेताओं और पार्टी कार्यालय पर हमले जारी रहे, तो तृणमूल चुप नहीं बैठेगी।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अगर तृणमूल पर ये अत्याचार बंद नहीं हुए, तो हम नयी दिल्ली में भाजपा नेताओं के आवास के बाहर धरना देंगे।’’
उनके ये बयान तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के उस आरोप के कुछ घंटों बाद आए, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा समर्थित हथियारबंद लोगों ने बृहस्पतिवार तड़के कोलकाता में पार्टी के कैमक स्ट्रीट कार्यालय में तोड़फोड़ की।
अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर, घटना की कथित सीसीटीवी फुटेज साझा की। इसमें कई लोग मास्क और हेलमेट पहने हुए दिखाई दे रहे हैं, जो परिसर से टीवी समेत विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर बाहर निकल रहे हैं। एक अन्य कथित वीडियो में एक कमरा दिखाई दे रहा है, जहां टूटी हुई वस्तुएं बिखरी हुई हैं और फर्नीचर तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचा हुआ नजर आ रहा है।
डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी ने आरोप लगाया कि हथियारों से लैस लोग तड़के करीब साढ़े चार बजे कार्यालय में घुसे, कर्मचारियों के साथ मारपीट की, उनके मोबाइल फोन छीन लिए और परिसर में तोड़फोड़ की।
एक अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश

Facebook


