ममता का इस्तीफा देने से इनकार भाजपा और निर्वाचन आयोग की ‘धांधली’ का प्रतिकार : सागरिका घोष

Ads

ममता का इस्तीफा देने से इनकार भाजपा और निर्वाचन आयोग की ‘धांधली’ का प्रतिकार : सागरिका घोष

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 03:55 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 03:55 PM IST

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा में उपनेता सागरिका घोष ने बुधवार को निर्वाचन आयोग पर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में ‘‘धांधली’’ का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष ममता बनर्जी का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार इस कृत्य के खिलाफ प्रतिकार का प्रतीक है।

घोष की यह टिप्पणी ममता बनर्जी द्वारा मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार करने के एक दिन बाद आई है। तृणमूल सुप्रीमो ने आरोप लगाया था कि चुनाव परिणाम ‘जनता का जनादेश नहीं बल्कि एक साजिश’ है।

घोष ने बनर्जी को उद्धृत किया, ‘‘मैं हारी नहीं हूं और मैं इस्तीफा नहीं दूंगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह एक वाक्य इतिहास में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-निर्वाचन आयोग द्वारा 2026 के बंगाल विधानसभा चुनाव में की गई धांधली का सबसे तीखा और स्पष्ट प्रतिकार साबित होगा।’’

बनर्जी ने मंगलवार को इस्तीफा देने से इनकार करते हुए कहा था, ‘‘मैं पद क्यों छोड़ूं? हम हारे नहीं हैं। जनादेश की लूट हुई है। इस्तीफे का सवाल ही कहां उठता है?’’

बनर्जी ने मतगणना में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए दावा किया कि लगभग 100 सीटों की ‘‘लूट’’ हुई है और उनकी पार्टी का मनोबल गिराने के लिए मतगणना की गति को जानबूझकर धीमा किया गया था।

इस बीच, भाजपा ने बनर्जी पर हमला करते हुए उनके रुख को ‘‘अराजक’’ और भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ करार दिया।

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 207 सीट पर जीत दर्ज कर 15 साल के तृणमूल कांग्रेस का शासन का अंत कर दिया। तृणमूल को केवल 80 सीटें ही मिल सकीं।

भाषा

धीरज नरेश

नरेश