वीसीके ने अभी निर्णय नहीं लिया, पर वाम दलों और आईयूएमएल का टीवीके को समर्थन देने से इनकार

Ads

वीसीके ने अभी निर्णय नहीं लिया, पर वाम दलों और आईयूएमएल का टीवीके को समर्थन देने से इनकार

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 05:05 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 05:05 PM IST

चेन्नई, छह मई (भाषा) तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए टीवीके द्वारा राजनीतिक दलों से समर्थन मांगने के बीच द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सहयोगी दल वीसीके ने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। पार्टी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

हालांकि, टीवीके के आमंत्रण के बावजूद वाम दलों और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने विजय की पार्टी को समर्थन देने से इनकार कर दिया है।

विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करके 108 सीट हासिल की। हालांकि, सरकार बनाने के लिए उसे 10 और सीटों की आवश्यकता है।

‘विदुथलाई चिरुथैगल काची’ (वीसीके) ने दो सीटें जीती हैं। सूत्रों के अनुसार, टीवीके ने वीसीके से समर्थन मांगा था।

वीसीके ने अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं लिया है। एक वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी ने कहा, ‘‘इसका निर्णय हमारे पार्टी अध्यक्ष थोल थिरुमावलवन करेंगे।’’

इस बीच, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) उम्मीदवार आर चेल्लास्वामी और लता तथा भाकपा सदस्य टी रामचंद्रन और मरिमुथु, जिन्होंने 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी, ने पार्टी मुख्यालय अन्ना अरिवलयम में द्रमुक प्रमुख एम के स्टालिन से मुलाकात की।

इसी तरह, आईयूएमएल के नवनिर्वाचित विधायक सैयद फारूक बाशा एसएसबी और ए एम शाहजहां ने भी द्रमुक अध्यक्ष से मुलाकात की। बाद में माकपा, भाकपा और आईयूएमएल के विधायकों ने दोहराया कि वे द्रमुक के प्रति अपना समर्थन जारी रखेंगे।

भाषा संतोष नरेश

नरेश