शिलांग हवाई अड्डे के रनवे विस्तार कार्य को केंद्र ने दी मंजूरी: मेघालय के मुख्यमंत्री

Ads

शिलांग हवाई अड्डे के रनवे विस्तार कार्य को केंद्र ने दी मंजूरी: मेघालय के मुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 05:11 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 05:11 PM IST

उमियाम (मेघालय), छह मई (भाषा) मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने बुधवार को कहा कि केंद्र ने शिलांग हवाई अड्डे के रनवे की लंबाई बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। उन्होंने इस परियोजना को राज्य में पर्यटन और संपर्क को बढ़ाने देने वाला करार दिया।

संगमा ने उमियाम के ऑर्किड लेक में आयोजित ‘एंपॉवरमेंट ऑफ टूरिज्म चैंपियंस ऑफ मेघालय’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि परियोजना के लगभग 15 महीनों के भीतर पूरा होने की उम्मीद है और इससे बड़े विमानों का परिचालन संभव हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह मेघालय में पर्यटन के लिए एक क्रांतिकारी बदलाव साबित होगा।’’

उन्होंने कहा कि राज्य को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करने और देश-विदेश से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए बेहतर संपर्क की जरूरत है।

संगमा ने कहा कि पर्यटन तभी सफल हो सकता है जब सभी हितधारक एक व्यापक तंत्र के हिस्से के रूप में मिलकर काम करें।

उन्होंने कहा, ‘‘पर्यटन केवल सरकार के प्रयासों से या अलग-अलग होटल मालिकों, टैक्सी संचालकों, रेस्तरां मालिकों या अन्य हितधारकों के प्रयासों से सफल नहीं हो सकता। पर्यटन तभी फलता-फूलता है जब प्रत्येक हितधारक अपनी भूमिका निभाता है।’’

भाषा

शुभम धीरज

धीरज