ममता ने कोलकाता पर हमले की पाकिस्तान की ‘धमकी’ पर चुप्पी को लेकर प्रधानमंत्री से इस्तीफा मांगा

Ads

ममता ने कोलकाता पर हमले की पाकिस्तान की ‘धमकी’ पर चुप्पी को लेकर प्रधानमंत्री से इस्तीफा मांगा

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 02:51 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 02:51 PM IST

बेथुयाडहरी (पश्चिम बंगाल), छह अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को सवाल किया कि पाकिस्तान द्वारा कोलकाता पर हमले की धमकी दिए जाने का मुद्दा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक दिन पहले इस राज्य में अपनी चुनावी रैलियों के दौरान क्यों नहीं उठाया।

बनर्जी ने नदिया जिले में एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘आप (प्रधानमंत्री) चुनावी रैलियों में बंगाल को निशाना बनाते हैं, लेकिन जब पाकिस्तान बंगाल पर हमले की बात करता है, तो आप एक शब्द भी नहीं कहते। आपको इस्तीफा दे देना चाहिए।’’

उन्होंने पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में मोदी द्वारा एक चुनावी रैली को संबोधित किए जाने के एक दिन बाद कहा, “प्रधानमंत्री ने बंगाल में अपनी रैली के दौरान इस मुद्दे को क्यों नहीं उठाया? जब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री कहते हैं कि वे कोलकाता पर हमला करेंगे, तो प्रधानमंत्री ने यह क्यों नहीं कहा कि ‘हम कड़ी कार्रवाई करेंगे’?’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जैसे हम देश पर किसी भी खतरे को स्वीकार नहीं करते, वैसे ही हम कोलकाता को दी गई धमकी को भी बर्दाश्त नहीं करेंगे।’’

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को भारत को चेतावनी दी थी कि वह ‘‘भविष्य में किसी भी प्रकार के दुस्साहस की कोशिश’’ का जवाब कोलकाता पर हमले के रूप में देंगे।

आसिफ ने अपने गृहनगर सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए कहा था, ‘‘अगर भारत इस बार हमें जिम्मेदार ठहरा कर कोई (सैन्य) ऑपरेशन करने की कोशिश करता है, तो हम कोलकाता तक निशाना साधेंगे।’’

भाषा

गोला अविनाश

अविनाश