कोलकाता, 14 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर लोगों से मातृभूमि से अपने संबंधों को ‘मजबूत’ करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि भारत के साथ यह ‘पवित्र संबंध’ संस्कृतियों, परंपराओं और भाषाओं में विविधता के बावजूद अपने नागरिकों को एकजुट करता है।
बनर्जी ने रविवार को ट्वीट किया, “हम, भारत के लोग। हमारी संस्कृतियां, परंपराएं, भाषाएं, पहनावा और रीति-रिवाज अलग-अलग हैं। फिर भी हम एक हैं। राष्ट्र के लिए हमारा प्यार हमें बांधता है। भारत से हमारा पवित्र संबंध हमें एकजुट करता है।”
उन्होंने कहा, ‘‘आइए हम एकजुट होकर मातृभूमि से अपने जुड़ाव को मजबूत करें और इसकी रक्षा करने का संकल्प लें। मैं आप सभी को अपने विचार साझा करने के लिए आमंत्रित करती हूं! आप हमारे गौरवशाली राष्ट्र से कैसे जुड़ते हैं?”
भाषा नेत्रपाल दिलीप
दिलीप