झारखंड में युवक की हत्या का आरोपी व्यक्ति पुलिस मुठभेड़ में घायल
झारखंड में युवक की हत्या का आरोपी व्यक्ति पुलिस मुठभेड़ में घायल
जमशेदपुर, नौ जुलाई (भाषा) झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में एक युवक की हत्या का आरोपी व्यक्ति बृहस्पतिवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश में पुलिस टीम पर गोली चलाई थी जिसके बाद पुलिस के साथ उसकी मुठभेड़ हुई थी।
उन्होंने बताया कि यह मुठभेड़ उस वक्त हुई जब आरोपी को जमशेदपुर के स्मृति पार्क इलाके में ले जाया गया था जहां उसने युवक की हत्या में इस्तेमाल किए गए दो हथियार छिपाकर रखे थे।
पुलिस अधीक्षक (शहर) ललित मीना ने कहा, ‘‘आरोपी की पहचान शाबे के तौर पर हुई है। तलाशी अभियान के दौरान उसने छिपाकर रखे गए दो हथियारों में से एक हथियार उठाया और पुलिस टीम पर गोली चला दी। उसने हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसे गोली लग गई।’’
उन्होंने बताया कि शाबे को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज हो रहा है।
एसपी ने बताया कि बुधवार रात को मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला में राहुल बच्चा नामक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद पुलिस ने शाबे समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि बच्चा की हत्या के वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा सुरभि रंजन
रंजन

Facebook


