दक्षिण दिल्ली में किराये के मकान में मृत मिले महिला और पुरुष ; सुसाइड नोट बरामद
दक्षिण दिल्ली में किराये के मकान में मृत मिले महिला और पुरुष ; सुसाइड नोट बरामद
नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में सोमवार को किराये के एक मकान में महाराष्ट्र की एक महिला और एक पुरुष मृत पाए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है लेकिन उसने यह नहीं बताया कि उसमें क्या लिखा है।
घटना की सूचना सुबह 9:08 बजे अमर कॉलोनी थाने को दी गई थी।
पुलिस की एक टीम ईस्ट ऑफ कैलाश के संत नगर स्थित किराये के घर पर पहुंची। वहां महिला के किसी मित्र या पड़ोसी ने कमरे में रह रहे लोगों से बार-बार संपर्क करने की कोशिश में नाकाम रहने के बाद दरवाजा पहले ही तोड़कर खोल दिया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘कमरे के अंदर महाराष्ट्र के नागपुर की रहने वाली 26 वर्षीय महिला बिस्तर पर मृत मिली, जबकि महाराष्ट्र के ही रहने वाले 30 वर्षीय अनमोल कुंडा पाटिल का शव नायलॉन की रस्सी से बने फंदे से लटका मिला।’’
अधिकारी ने बताया कि कमरे में हाथ से लिखा एक ‘नोट’ भी मिला और शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि कुंडा ने इसे लिखा था। उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के शवगृह में भेजा गया है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘संदिग्ध आत्महत्या के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और बरामद सामग्री की फोरेंसिक जांच के बाद ही चल पाएगा।’’
भाषा शुभम सुभाष
सुभाष

Facebook


