दक्षिण दिल्ली के बेगमपुर में सहकर्मी की हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

दक्षिण दिल्ली के बेगमपुर में सहकर्मी की हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 09:48 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 09:48 PM IST

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के बेगमपुर इलाके में सहकर्मी की हत्या करने के आरोप में 25 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

एक अधिकारी ने बताया कि मालवीय नगर झुग्गियों में 27-28 अप्रैल की दरमियानी रात में फोन के इस्तेमाल को लेकर हुए झगड़े के बाद शख्स ने अपने सहकर्मी की कथित रूप से हत्या कर दी।

पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को हत्या की सूचना मिलने के बाद एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

शिकायतकर्ता रंजीत यादव ने पुलिस को बताया कि रात में शत्रुघ्न और राकेश उर्फ कैली के बीच झगड़ा हुआ था, जिसे बाद में सुलझा लिया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया,’विवाद सुलझने के बाद सभी सो गए। हालांकि, रात करीब एक बजे शिकायतकर्ता ने शोर सुना और पाया कि राकेश ने सोते हुए शत्रुघ्न की गर्दन पर लकड़ी के डंडे से वार कर दिया।’

पुलिस ने बताया कि घायल को तत्काल एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपराध दल ने घटनास्थल का मुआयना किया और मालवीय नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने शराब पी रखी थी और शत्रुघ्न का मोबाइल फोन इस्तेमाल किया जिस के बाद उनका झगड़ा हुआ था। पुलिस ने बताया कि हालांकि मामला शुरू में सुलझ गया था, लेकिन बाद में आरोपी ने पीड़ित पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

आरोपी की पहचान राकेश कुमार उर्फ कैली के रूप में हुई है, जो बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि वह पिछले छह-सात वर्षों से दिल्ली में रह रहा था और बेगमपुर में एक ठेकेदार के यहां कबाड़ इकट्ठा करने का काम करता था।

पुलिस ने बताया कि उसे अदालत में पेश किया गया जिसने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है।

भाषा

नोमान पवनेश

पवनेश