जम्मू में पुलिसकर्मी को पीटने का आरोपी गिरफ्तार, वीडियो व्यापक रूप से प्रसारित

Ads

जम्मू में पुलिसकर्मी को पीटने का आरोपी गिरफ्तार, वीडियो व्यापक रूप से प्रसारित

  •  
  • Publish Date - February 21, 2026 / 10:26 PM IST,
    Updated On - February 21, 2026 / 10:26 PM IST

जम्मू, 21 फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के त्रिकुटा नगर इलाके में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की कथित तौर पर पिटाई करने के आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घटना से जुड़ा एक वीडियो व्यापक रूप से प्रसारित हुआ और एक लिखित शिकायत के बाद तत्काल कानूनी कार्यवाही शुरू कर मामले की जांच की गई।

जम्मू जिला पुलिस लाइंस में तैनात उपनिरीक्षक राजेश कुमार ने 20 फरवरी को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता पुलिसकर्मी ने बताया कि ड्यूटी के दौरान तबीयत खराब होने के कारण वह त्रिकुटा नगर पार्क में बैठे थे औरप इस दौरान एक युवक उनके पास आया और अपशब्दों व अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा।

कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया कि युवक ने उसे धमकी दी व उसे पीटा भी जबकि आरोपी को पता था कि वह वर्दीधारी पुलिसकर्मी है और अपने कर्तव्य का पालन कर रहा है।

प्रवक्ता ने बताया कि मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए बहू फोर्ट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी सुमित वर्मा की पहचान हुई, जो कठुआ के मानपुर गांव का निवासी है तथा वर्तमान में त्रिकुटा नगर में रह रहा है।

अधिकारी ने बताया कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा जितेंद्र प्रशांत

प्रशांत