चंडीगढ़, पांच अगस्त (भाषा) सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और तरनतारन पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है तथा उसके पास से एक राइफल एवं सात अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सीमा पार से सक्रिय ‘‘राष्ट्रविरोधी तत्वों’’ ने कई गैंगस्टर नेटवर्क की मिलीभगत से हथियारों की यह खेप भेजी थी तथा इन हथियारों का इस्तेमाल लोगों को लक्ष्य बनाकर उनकी हत्या करने और पंजाब में शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए किया जाना था।
यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तरनतारन पुलिस ने बीएसएफ पंजाब के साथ संयुक्त अभियान चलाकर एक एमपी-09 राइफल और सात अत्याधुनिक पिस्तौल-चार ग्लॉक, दो जिगाना और एक बेरेटा-बरामद कीं तथा एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।’’
उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि हथियारों की आपूर्ति से जुड़े लोगों, नेटवर्क के सभी सदस्यों की पहचान करने तथा तस्करी गिरोह में शामिल विदेश में बैठे संचालकों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा
सिम्मी पवनेश
पवनेश