लोहरदगा, 17 मई (भाषा) झारखंड के लोहरदगा जिले में बुजुर्ग मां और पत्नी पर हमला करके उनकी हत्या करने के आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार शाम को भांद्रा थाना क्षेत्र के धनामुजी गांव में हुई।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रूपी ओरांव (62) और सोमरी ओरांव (45) के रूप में हुई है।
लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सादिक अनवर रिजवी ने बताया, “आरोपी मदवा ओरांव को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि किसी बात पर हुए झगड़े के बाद उसने अपनी मां और पत्नी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।”
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा के सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया, “आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर है। उसका पिछले एक साल से उपचार किया जा रहा था। वह छोटी-छोटी बातों पर भड़क उठता था और शायद यही घटना का कारण हो सकता है।”
भंडरा थाना प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
भाषा जितेंद्र अमित
अमित