नयी दिल्ली, 10 नवंबर (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कैंप के पास दो साल के बच्चे की हत्या किए जाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। यहां एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आरोपी शाका (40) को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, खजूरी खास चौक से तीन अक्टूबर को बच्चे के लापता हो जाने के बाद उसके माता-पिता ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई और अपहरण का एक मामला दर्ज किया गया जिसके बाद पुलिस की विभिन्न टीम गठित की गईं।
यहां एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने चार अक्टूबर को खजूरी खास में सीआरपीएफ कैंप की चारदीवारी के पास जंगली इलाके से लड़के का शव बरामद किया। उन्होंने बताया कि मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया।
अधिकारी ने बताया कि बरामदगी के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और आस-पास के आश्रय स्थलों तथा जंगली इलाकों की जांच की। टीम ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में संभावित ठिकानों पर छापे मारे और आखिरकार संदिग्ध को पकड़ लिया।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान, शाका ने अपना अपराध कबूल कर लिया और उसने जांचकर्ताओं को बताया कि घटना वाली रात बच्चे के माता-पिता से उसका झगड़ा हुआ था जिसके बाद उसने बच्चे का अपहरण किया और फिर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ से पता चला है कि आरोपी आसपास ही रहता था और वह पहले भी चोरी के एक मामले में शामिल पाया गया है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और हत्या के घटनाक्रम का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।’’
भाषा यासिर नरेश
नरेश