गुरुग्राम में रात का खाना बनाने को लेकर विवाद के बाद पति ने पत्नी की हत्या की, गिरफ्तार
गुरुग्राम में रात का खाना बनाने को लेकर विवाद के बाद पति ने पत्नी की हत्या की, गिरफ्तार
गुरुग्राम, 20 जुलाई (भाषा) गुरुग्राम में रात का खाना बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद नशे में धुत एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पति ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करते हुए दावा किया था कि उसकी पत्नी की मौत अधिक शराब पीने से हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि तालमई नामक महिला का शव 16 जुलाई को बादशाहपुर सब्जी मंडी के पास स्थित झुग्गियों में मिला था। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला के पति दिनेश ने पुलिस को बताया था कि वह और उसकी पत्नी शराब का सेवन करते थे तथा घटना वाले दिन उसकी पत्नी ने अधिक शराब पी ली थी, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शुरुआत में मामले की जांच शुरू की गई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया गया।
एक वरिष्ठ जांच अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला घोंटने और दम घुटने से होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दिनेश को हिरासत में ले लिया।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान, उसने स्वीकार किया कि घटना के दिन शराब के नशे में होने के दौरान खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी और विवाद बढ़ने पर उसने अपनी पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी।
अधिकारी ने बताया, ‘आरोपी दिनेश मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला है और बादशाहपुर क्षेत्र में पत्नी के साथ किराये की झुग्गी में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।’
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप

Facebook


