सीआईएसएफ अधिकारी बनकर महिला को झांसा देने एवं शादी की कोशिश करने को लेकर एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

सीआईएसएफ अधिकारी बनकर महिला को झांसा देने एवं शादी की कोशिश करने को लेकर एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 08:40 PM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 08:40 PM IST

हैदराबाद, 14 अप्रैल (भाषा) हैदराबाद में एक महिला को शादी के लिए राजी करने की कोशिश के तहत सीआईएसएफ कर्मी होने का दावा करते हुए उसे और उसके परिवार वालों को झांसा देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के निवासी आरोपी को सोमवार को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अर्धसैनिक बल की वर्दी पहने और संदिग्ध रूप से तस्वीरें लेते हुए पाया गया।

पुलिस के अनुसार, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने अपनी पहली पत्नी से अलग होने के बाद एक तलाकशुदा महिला से शादी करने की योजना बनाई थी जिसके तहत वह महिला के सामने खुद को सीआईएसएफ कर्मी बताता था। आरोपी तलाकशुदा महिला के साथ रिश्ते में था।

एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने महिला के परिवार को बताया था कि वह केंद्र सरकार का कर्मचारी है तथा हैदराबाद हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ में तैनात है।

अधिकारी ने बताया, “उसने वर्दी खरीदी और सोमवार को हैदराबाद हवाई अड्डे पर आया, जहां उसने अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें लीं। उसने ये तस्वीरें एक ऐप के जरिए महिला के परिवार को भेजीं और वीडियो कॉल करके दावा किया कि वह सीआईएसएफ में कार्यरत है और हवाई अड्डे पर तैनात है।”

पुलिस ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया और वैवाहिक वेबसाइट पर ऐसी तस्वीरों का इस्तेमाल करके खुद को केंद्र सरकार का कर्मचारी दिखाता था और शादी के प्रस्ताव आकर्षित करने की कोशिश कर रहा था।

आरोपी के खिलाफ प्रतिरूपण, धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है । उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

भाषा प्रचेता राजकुमार

राजकुमार