तेलंगाना के मेडक में आदिवासी महिला से बलात्कार, हत्या के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

तेलंगाना के मेडक में आदिवासी महिला से बलात्कार, हत्या के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - October 14, 2025 / 07:00 PM IST,
    Updated On - October 14, 2025 / 07:00 PM IST

हैदराबाद, 14 अक्टूबर (भाषा) तेलंगाना के मेडक जिले में 33 वर्षीय आदिवासी महिला का बलात्कार और हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मेडक जिले के पुलिस अधीक्षक डी वी श्रीनिवास राव ने बताया कि आरोपी (36) ने 10 अक्टूबर को महिला को मजदूरी का काम देने के बहाने बुलाया और उसके साथ बलात्कार करने के बाद उस पर जानलेवा हमला किया।

राव ने बताया कि घटनास्थल से भागने से पहले उसने महिला का सोने का एक आभूषण भी चुरा लिया था।

पुलिस को 11 अक्टूबर को सूचना मिली कि कुलचरम मंडल में एक महिला अचेत पाई गई, जिसके हाथ-पैर बंधे हुए हैं।

पुलिस ने बताया कि महिला दिहाड़ी मजदूर थी और पांच बच्चों की मां थी। वह 10 अक्टूबर को काम के लिए घर से निकली थी। उसे पहले एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उसे हैदराबाद भेज दिया गया। लेकिन शनिवार रात रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

उसने बताया कि बलात्कार और हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद आरोपी की पहचान की और उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। वह बलात्कार और हत्या के एक अन्य मामले तथा हत्या के प्रयास के एक मामले में पहले से ही आरोपी था।

पुलिस ने उसके पास से सोने का आभूषण भी बरामद कर लिया।

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश