अलवर में धर्मांतरण गतिविधियों के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
अलवर में धर्मांतरण गतिविधियों के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
जयपुर, चार जून (भाषा) राजस्थान के अलवर में धर्मांतरण गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को कथित तौर पर एक दक्षिणपंथी संगठन के सदस्यों द्वारा पीटे जाने के बाद हिरासत में लिया गया था।
उसने बताया कि आरोपी की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है और अखेपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के तंवर कॉलोनी में कथित धर्मांतरण गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद उसे हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, एक समूह के सदस्य इलाके में प्रार्थना सभा के नाम पर कथित धर्मांतरण गतिविधि चलाए जाने की सूचना मिलने पर एक मकान में पहुंचे। उन्होंने कथित तौर पर परिसर में प्रवेश किया, आरोपी को बाहर लाकर उसकी पिटाई की।
थाना प्रभारी महेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना स्थल पर मौजूद 15–20 लोग मौके से फरार हो गए। उसने बताया कि कथित हमले का एक वीडियो सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि मौके से धार्मिक साहित्य और संबंधित सामग्री मिली है तथा मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है।
तिवारी ने कहा, ‘‘आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है और मामला जांच के अधीन है। हम हमले में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहे हैं।’’
भाषा बाकोलिया धीरज
धीरज

Facebook


