दिल्ली के पांडव नगर में पुलिसकर्मी को कार से कुचलने का आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के पांडव नगर में पुलिसकर्मी को कार से कुचलने का आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के पांडव नगर में पुलिसकर्मी को कार से कुचलने का आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: September 20, 2023 / 08:08 pm IST
Published Date: September 20, 2023 8:08 pm IST

नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर में दिल्ली पुलिस के एक उपनिरीक्षक को कथित तौर पर अपनी कार से कुचलकर मारने और एक अन्य व्यक्ति को घायल करने के आरोप में 39 वर्षीय व्यक्ति को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था और उसकी पहचान गुड़गांव के सेक्टर 82 निवासी सिद्धार्थ शर्मा के रूप में हुई है।

पुलिस ने कहा कि मंगलवार को मेरठ से आते समय उसने कथित तौर पर दो लोगों को कुचल दिया, जिनमें एक पुलिसकर्मी था।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अमृता गुगुलोथ ने कहा कि आरोपी ने दो लोगों को कार से टक्कर मारते समय नशे में होने और तेज गति से गाड़ी चलाने की बात कबूल की है।

पुलिस ने बताया कि हरियाणा के गुड़गांव में एक निजी कंपनी में काम करने वाला शर्मा शादीशुदा है और उसका एक बेटा व एक बेटी है।

पुलिस ने कहा कि मंगलवार को एसआई गंगासरन और एएसआई अजय तोमर जिप्सी में पांडव नगर में गश्त पर थे, और तोमर गाड़ी चला रहे थे।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब साढ़े पांच बजे दोनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर एक बोलेरो पिकअप कार को जांच के लिए रोका, इसके बाद बोलेरो चालक रामगोपाल और गंगासरन अपने-अपने वाहनों से बाहर निकले।

पुलिस ने बताया कि जैसे ही गंगासरन बोलेरो की जांच करने के लिए रामगोपाल के साथ वाहन के पीछे पहुंचे, तभी गाजियाबाद की तरफ से सराय काले खां की ओर जा रही तेज रफ्तार होंडा अमेज कार ने गंगासरन और रामगोपाल को पीछे से टक्कर मार दी।

तोमर ने बोलेरो चालक के सहायक राजकुमार की मदद से गंगासरन और रामगोपाल को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान गंगासरन की मौत हो गई। उधर, रामगोपाल के पैर की हड्डी भी टूट गई है।

भाषा जोहेब संतोष

संतोष


लेखक के बारे में