बेंगलुरु, 17 जून (भाषा) बेंगलुरु में 27 वर्षीय एक व्यक्ति को अपनी सह-जीवन साथी की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान अनुषा (20) के रूप में हुई।
अधिकारियों ने बताया कि अनुषा और उसका सह-जीवन साथी शरथ हासन जिले के सकलेशपुर के रहने वाले थे। अधिकारियों ने बताया कि शरथ बेंगलुरु में पानी का टैंकर चालक है।
पुलिस के अनुसार, दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ के माध्यम से हुई थी और उसके बाद वे पिछले छह महीनों से बेंगलुरु के मल्लेश्वरम इलाके में किराए के एक मकान में साथ रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात दोनों के बीच व्यक्तिगत और पारिवारिक मुद्दों को लेकर तीखी कहासुनी हुई थी। पुलिस ने बताया कि इसी दौरान शरथ ने अनुषा का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हालांकि, पुलिस को मामले की सूचना सोमवार को मिली, जिसके बाद शेषाद्रिपुरम पुलिस थाने की एक टीम ने अपराध स्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हत्या का एक मामला दर्ज करके आरोपी को घटना के संबंध में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा तान्या अमित
अमित