अहमदाबाद, 17 अप्रैल (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने से एक दिन पहले सम्राट चौधरी को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी शेखर यादव (32), जो अहमदाबाद के साणंद तालुका का निवासी और बिहार के बांका जिले का मूल निवासी है, को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया।
‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए अहमदाबाद (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओम प्रकाश जाट ने बताया कि यादव ने कथित तौर पर पिछले मंगलवार को सम्राट चौधरी के कार्यालय में फोन किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
धमकी के एक दिन बाद सम्राट ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
उन्होंने बताया कि इसके बाद बिहार के मुंगेर जिले के संग्रामपुर पुलिस थाने में आपराधिक धमकी की धारा समेत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया कि गुजरात पुलिस बिहार पुलिस के संपर्क में थी और निगरानी विभाग के कर्मचारियों को धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर के आधार पर संदिग्ध का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया था।
तकनीकी मदद और खुफिया जानकारी के जरिये साणंद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने बताया कि यादव को बिहार पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने कहा, ‘‘धमकी देने के पीछे के मकसद समेत अन्य बात की जांच बिहार पुलिस करेगी।’’ सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
भाषा संतोष नरेश
नरेश