नोएडा (उत्तर प्रदेश), 26 मई (भाषा) ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में ट्रांसजेंडर मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि चांदनी की 24 मई की रात हत्या हुई थी। जांच में सामने आया कि अलीगढ़ के रहने वाले आरोपी अभिषेक चांदनी के साथ लिव-इन में रहता था और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे।
बताया गया कि किसी अन्य व्यक्ति से चांदनी के संबंध होने की बात सामने आने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।
पुलिस को मंगलवार सुबह सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-148 मेट्रो लाइन के पास मौजूद है। उन्होंने बताया कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की और वह घायल हो गया।
पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और आगे की जांच जारी है।
उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ में घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वारदात की योजना पहले से बनाई गई थी या यह विवाद के दौरान अचानक हुआ अपराध था।
उन्होंने बताया कि मामले में फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त जांच भी जारी है।
भाषा सं खारी रंजन
रंजन