त्रिपुरा के खोवाई में मवेशी चोरी के शक में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

त्रिपुरा के खोवाई में मवेशी चोरी के शक में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

त्रिपुरा के खोवाई में मवेशी चोरी के शक में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या
Modified Date: September 2, 2026 / 07:34 pm IST
Published Date: September 2, 2026 7:34 pm IST

अगरतला, दो सितंबर (भाषा) त्रिपुरा के खोवाई जिले में मवेशी चोरी के संदेह में बुधवार को 45 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना बागबेर इलाके में हुई, जब जिले के गिलातली का निवासी जलील रहमान खरीदी गई दो गायों को लेकर अपने घर लौट रहा था।

कल्याणपुर थाने के प्रभारी अधिकारी आशीष सरकार ने कहा, ‘ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ लोगों के एक समूह ने रहमान पर हमला कर दिया। उन्हें संदेह था कि वह मवेशी चोर है, क्योंकि वह असामान्य समय पर तड़के करीब 4:45 बजे दो गायों को लेकर घर लौट रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उसे स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’

पुलिस ने कहा कि उन्होंने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज करने पर विचार किया था, लेकिन उन्हें बताया गया कि मृतक का परिवार शिकायत दर्ज कराएगा।

सरकार ने कहा, ‘हम मौत के मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज करना चाहते थे, लेकिन हमें बताया गया कि पीड़ित का परिवार एक विशेष मामला दर्ज कराएगा। हम जरूरी कार्रवाई करने के लिए औपचारिक शिकायत का इंतजार कर रहे हैं।’

उन्होंने बताया कि रहमान का स्थानीय थाने में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था।

भाषा शुभम रंजन

रंजन


लेखक के बारे में