गुरुग्राम, 16 अप्रैल (भाषा) गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने अपनी सह जीवन साथी से विवाद के कारण कथित तौर पर खुद को आग लगा ली जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी अंकित (24) के रूप में हुई है और वह गुरुग्राम में टैक्सी चालक के रूप में काम करता था। अंकित एक निजी कंपनी में काम करने वाली महिला के साथ रिश्ते में था तथा उसके साथ ही रह रहा था।
पुलिस ने बताया कि अंकित ने बुधवार रात खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली, जिसके बाद सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसके ऊपर कंबल डालकर आग बुझाई।
उसने बताया कि युवक 60 प्रतिशत से अधिक झुलस गया था और उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक और उसकी प्रेमिका के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था, जिसकी वजह से उसने यह कदम उठाया।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
एक वरिष्ठ जांच अधिकारी ने कहा, ‘हमने मृतक के परिवार को सूचित कर दिया है और शव को मुर्दाघर में रखवा दिया है। हम उसकी सह जीवन साथी से भी संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। परिवार के आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी। जांच चल रही है।’
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश