सब्जी पकाने को लेकर हुए विवाद में व्यक्ति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की

सब्जी पकाने को लेकर हुए विवाद में व्यक्ति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की

सब्जी पकाने को लेकर हुए विवाद में व्यक्ति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की
Modified Date: September 19, 2026 / 12:18 am IST
Published Date: September 19, 2026 12:18 am IST

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) दिल्ली के तिगड़ी इलाके में शुक्रवार शाम सब्जी पकाने को लेकर हुए विवाद में 31 वर्षीय महिला की उसके पति ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान कमलेश के तौर पर हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना संगम विहार के तिगड़ी इलाके में दंपत्ति के मकान में शाम करीब सात बजे हुई। सब्जी बनाने को लेकर कमलेश और पूनम के बीच कथित तौर पर बहस हुई थी, जिसके बाद झगड़ा बढ़ गया और व्यक्ति ने महिला को कथित तौर पर गोली मार दी।

पुलिस ने कहा कि पूनम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद, घर के भीतर से तेज आवाज सुनने के बाद इलाके के निवासियों ने दरवाजा खटखटाया। आरोप है कि कमलेश ने कुछ देर तक दरवाजा नहीं खोला। घर के अंदर मौजूद दंपत्ति के तीन बच्चे भी रोते हुए सुने गए, जिसके बाद निवासियों ने उससे दरवाजा खोलने के लिए लगातार कहा।

आरोप है कि कमलेश ने घर से निकलने का प्रयास किया और पड़ोसियों से कहा कि पूनम ने खुद को गोली मार ली है।

हालांकि, कमलेश के बयान पर संदेह होने पर पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचित किया।

पुलिस ने बताया कि टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में