नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) पूर्वी दिल्ली के कोंडली इलाके में एक पार्क में रविवार को तीन नाबालिगों के साथ हुई कहासुनी के बाद एक व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है।
उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात 12 बजकर तीन मिनट पर एक पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें मयूर विहार फेज-3 स्थित कोंडली के दिल्ली विकास प्राधिकरण पार्क में एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना दी गई थी।
अधिकारी ने बताया कि पीड़ित को तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा, “जांच के दौरान पता चला कि युवक शनिवार शाम अपने दो दोस्तों के साथ पार्क गया था। रात करीब 11.30 बजे जब वे पार्क से निकल रहे थे, तभी कथित तौर पर एक मामूली टक्कर होने के बाद पीड़ित और तीनों नाबालिगों के बीच तीखी बहस हो गई।”
अधिकारी के अनुसार, इस दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़ित पर धारदार हथियार से हमला किया और फरार होने से पहले उस पर कई बार वार किये।
उन्होंने बताया कि अपराध और फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है तथा चश्मदीदों के बयानों के आधार पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत
प्रशांत