फरीदाबाद में लड़की के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या

Ads

फरीदाबाद में लड़की के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 11:24 PM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 11:24 PM IST

फरीदाबाद, 10 फरवरी (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में कथित तौर पर एक लड़की को परेशान कर रहे युवकों के एक समूह का विरोध करने पर 34 वर्षीय एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मृतक के भाई द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, गिरदावर कॉलोनी निवासी जयसिंह बैसला (34) अपनी पत्नी और दो बेटियों सहित अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए टैक्सी चलाते थे। सोमवार दोपहर वह अपने दोस्त सौरभ के साथ अपने घर के पास एक पार्क में बैठे थे कि तभी उन्होंने एक युवक को अपनी बहन के साथ कॉलोनी की ओर आते देखा।

अधिकारियों ने बताया कि पार्क में मौजूद कुछ युवकों ने लड़की को परेशान करना शुरू कर दिया, जिसके बाद बैसला ने हस्तक्षेप किया और उन्हें भगा दिया।

मृतक के चाचा राम प्रकाश आर्य ने कहा, ‘‘वह रात करीब आठ बजे अपने दोस्त सौरभ के साथ फिर से पार्क में गया था कि तभी चार-पांच युवकों ने चाकू से बैसला पर हमला करके उसे घायल कर दिया और भाग गए। उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’

स्थानीय थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि मृतक के भाई जगत सिंह की शिकायत पर सोनू, तुषार और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, तथा दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और बाकी को पकड़ने के लिए अभियान जारी है।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल

शीर्ष 5 समाचार