मंडालाओ एलीफेंट कंजर्वेशन और वंतारा ने लाओस में हाथी संरक्षण पहल शुरू की

Ads

मंडालाओ एलीफेंट कंजर्वेशन और वंतारा ने लाओस में हाथी संरक्षण पहल शुरू की

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 03:32 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 03:32 PM IST

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) लाओस स्थित मंडालाओ एलीफेंट कंजर्वेशन और वंतारा ने दक्षिण-पूर्व एशियाई देश में हाथियों के कल्याण, पशु चिकित्सा और संरक्षण को मजबूती प्रदान करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

बुधवार को जारी एक बयान के अनुसार, एमओयू के तहत लुआंग प्राबांग स्थित मंडालाओ एलीफेंट कंजर्वेशन में लाओस सरकार के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हाथियों के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल की शुरुआत की गई।

वंतारा ने पूरी तरह से सुसज्जित सचल हाथी चिकित्सा इकाई उपलब्ध कराई है, जिससे यह दल लाओस में बीमार और घायल हाथियों की मदद के लिए तुरंत पहुंच सकेगा। इसमें जंगली और पालतू, दोनों तरह के हाथी शामिल हैं।

मंडालाओ एलीफेंट कंजर्वेशन के हाथी चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. टिम बाउट्स ने बयान में कहा, ‘‘इस हाथी प्रतिक्रिया दल की शुरुआत लाओस में हाथियों के कल्याण और पशु चिकित्सा देखभाल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’

बाउट्स ने कहा, ‘‘हमें देशभर में हाथियों के मालिकों और संबंधित सरकारी विभागों को यह सेवा नि:शुल्क उपलब्ध कराने पर गर्व है। हम वंतारा के सहयोग के लिए उसके आभारी हैं और दीर्घकालिक सहयोग की उम्मीद करते हैं।’’

इस सहयोग के तहत आपातकालीन उपचार, दीर्घकालिक देखभाल और पुनर्वास की जरूरत वाले हाथियों के लिए एक विशेष अस्पताल भी स्थापित किया जाएगा।

इसके अलावा, लाओस में जंगली हाथियों की संख्या और उनकी आनुवंशिक विविधता को सुरक्षित रखने के लिए क्षेत्र-आधारित समाधान विकसित किए जाएंगे।

इसके तहत हाथियों के प्राकृतिक आवास के संरक्षण, स्थानीय समुदायों की भागीदारी तथा मानव-हाथी संघर्ष और अवैध शिकार को कम करने के उपायों पर काम किया जाएगा।

वंतारा भारत का प्रसिद्ध वन्यजीव संरक्षण संगठन है वहीं मंडालाओ हाथियों के संरक्षण से संबंधित संगठन है।

भाषा अमित अविनाश

अविनाश