मणिपुर विधानसभा का नया सत्र नौ मार्च से
मणिपुर विधानसभा का नया सत्र नौ मार्च से
इंफाल, पांच मार्च (भाषा) मणिपुर विधानसभा का नया सत्र नौ मार्च को शुरू होगा और कार्यवाही के दौरान बजट पेश किए जाने की संभावना है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यहां यह जानकारी दी।
राज्य में नयी सरकार बनने के बाद पांच फरवरी को एकदिवसीय सत्र आहूत किया गया था।
युमनाम खेमचंद सिंह ने राष्ट्रपति शासन हटाए जाने के बाद चार फरवरी को मणिपुर के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। राज्य में 2023 में भड़की जातीय हिंसा के कारण राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया था।
आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार सत्र नौ मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे आरंभ होगा।
सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक टी. रबींद्र सिंह ने 28 फरवरी को कहा था कि होली के बाद बजट सत्र आहूत किया जाएगा।
इस बीच, मुख्य सचिव पुनीत कुमार गोयल के हस्ताक्षर वाली एक अलग अधिसूचना में कहा गया है, “आगामी विधानसभा सत्र नौ मार्च 2026 से शुरू होगा। सभी विभागों को निर्देश दिया जाता है कि वे वर्ष 2025–26 की वार्षिक प्रशासनिक रिपोर्ट तैयार करके प्रस्तुत करें, ताकि उसे सदन के समक्ष रखा जा सके।”
मणिपुर में मई 2023 में मेइती और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा भड़क गई थी, जिसके कारण पिछले वर्ष फरवरी में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया। इस दौरान विधानसभा निलंबित अवस्था में रही।
मणिपुर में पर्वतीय जिलों में आदिवासी एकजुटता मार्च के बाद तीन मई 2023 को हिंसा भड़क उठी थी। यह मार्च अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की बहुसंख्यक मेइती समुदाय की मांग के खिलाफ आयोजित किया गया था।
तब से अब तक इस हिंसा में कम से कम 260 लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें कुकी और मेइती समुदायों के सदस्य और सुरक्षा बलों के कर्मी शामिल हैं, जबकि हजारों लोग बेघर हुए हैं
भाषा
जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


