मणिपुर: मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू को राज्य की बदलती स्थिति से अवगत कराया

Ads

मणिपुर: मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू को राज्य की बदलती स्थिति से अवगत कराया

  •  
  • Publish Date - March 25, 2026 / 05:29 PM IST,
    Updated On - March 25, 2026 / 05:29 PM IST

इंफाल, 25 मार्च (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने बुधवार को कहा कि उन्होंने नयी दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें पूर्वोत्तर राज्य की बदलती स्थिति से अवगत कराया।

सिंह, मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हुए थे।

मुख्यमंत्री ने एक पोस्ट में कहा, “राष्ट्रपति भवन में माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मैंने उन्हें मणिपुर की बदलती स्थिति और जारी समन्वित प्रतिक्रिया से अवगत कराया। मैंने दोहराया कि एकता, सद्भाव और शांति हमारे मार्गदर्शक सिद्धांत बने रहेंगे।”

मई 2023 में जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद लगभग तीन वर्षों में पहली बार सिंह के नेतृत्व वाली मणिपुर सरकार ने हाल ही में गुवाहाटी में कुकी जो परिषद के प्रतिनिधियों के साथ राज्य में मेइती और कुकी जो समुदायों के बीच शांति व विश्वास की बहाली की संभावनाओं को तलाशने के लिए वार्ता की।

मई 2023 से इंफाल घाटी के मेइती और पहाड़ी क्षेत्रों के कुकी-जो समूहों के बीच हुई जातीय हिंसा में कम से कम 260 लोग मारे गए और हजारों लोग बेघर हो गए।

मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के नयी दिल्ली में पार्टी नेतृत्व से मुलाकात करने और मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार के संबंध में चर्चा करने की भी संभावना है।

वर्तमान मंत्रिमंडल में सिंह, दो उपमुख्यमंत्री और दो अन्य मंत्री शामिल हैं।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश