मणिपुर के मुख्यमंत्री ने लोगों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

Ads

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने लोगों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

  •  
  • Publish Date - April 2, 2026 / 07:58 PM IST,
    Updated On - April 2, 2026 / 07:58 PM IST

इंफाल, दो अप्रैल (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों को राज्य भर में लोगों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के मकसद से उपद्रवी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

सिंह ने सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा के उपायों को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

नयी दिल्ली में बुधवार को उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और मणिपुर में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई।

इसके बाद ही अगले दिन यह बैठक आयोजित की गई।

सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लोगों की जान की सुरक्षा और सामान की सुरक्षा, निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी उपद्रवी तत्वों से सख्ती से निपटने तथा उन्हें नियंत्रित करने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि राज्य भर में सुरक्षित गलियारे और सुचारू आवागमन सुनिश्चित हो सके।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम निर्णायक और समन्वित कार्रवाई के माध्यम से शांति, स्थिरता तथा जनविश्वास को बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ हैं।’’

भाषा यासिर नरेश

नरेश