नाइजीरिया में 37 खनिकों की मौत के खिलाफ एकत्र लोगों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे

Ads

नाइजीरिया में 37 खनिकों की मौत के खिलाफ एकत्र लोगों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 06:08 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 06:08 PM IST

अबुजा (नाइजीरिया), 18 सितंबर (एपी) नाइजीरिया में पुलिस ने शुक्रवार को दर्जनों प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे जो हिरासत में 37 खनिकों की मौत के विरोध में एकत्र हुए थे।

नाइजर के गवर्नर मोहम्मद उमरू बागो ने कहा कि अवैध खनन के शक में पिछले हफ्ते गिरफ्तार किए गए खनिकों की हिरासत में मौत हो गई। सिविल डिफेंस कॉर्प्स का कहना है कि उनकी मौत एक संदिग्ध बीमारी फैलने के कारण हुई, लेकिन बचे हुए लोगों ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि खनिकों की मौत दम घुटने से हुई।

खनिकों के रिश्तेदारों सहित दर्जनों युवा शुक्रवार को सिविल डिफेंस कॉर्प्स के कार्यालय के पास जमा हुए। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और आंसू गैस के गोले दागकर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने की कोशिश की।

प्रदर्शनकारियों ने दावा किया है कि कुछ खनिकों द्वारा अधिकारियों पर पहले किए गए हमलों के बदले में इन खनिकों की हत्या कर दी गयी।

नाइजीरियाई सरकार ने शुक्रवार को नाइजर राज्य के सिविल डिफेंस कॉर्प्स के कमांडेंट को निलंबित कर दिया।

गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हालांकि, पूरी जांच की जाएगी और जिस कमांडेंट की देखरेख में यह हुआ, वह निलंबित रहेंगे।’

नाइजीरिया में अवैध खनन एक गंभीर समस्या है और जानकारों का कहना है कि इससे हथियारबंद समूहों की गतिविधियों का वित्तपोषण होता है।

एपी अविनाश नरेश

नरेश