मणिपुर के मुख्यमंत्री दिल्ली रवाना, मंत्रिमंडल विस्तार पर भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे

Ads

मणिपुर के मुख्यमंत्री दिल्ली रवाना, मंत्रिमंडल विस्तार पर भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे

  •  
  • Publish Date - February 21, 2026 / 08:18 PM IST,
    Updated On - February 21, 2026 / 08:18 PM IST

इंफाल, 21 फरवरी (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह शनिवार को नयी दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां उनके राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार के सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं से बातचीत करने की संभावना है।

मणिपुर मंत्रिमंडल में वर्तमान में मुख्यमंत्री सहित पांच मंत्री हैं।

भाजपा के एक पदाधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “सिंह के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं से मुलाकात करने की संभावना है, जिसमें नवगठित राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार और विभागों के आवंटन पर चर्चा की जा सकती है।”

मणिपुर में 60 सदस्यीय विधानसभा है और नियम के अनुसार, राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 12 से अधिक मंत्री नहीं हो सकते।

केंद्र सरकार के जातीय हिंसा से प्रभावित मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटाने के बाद सिंह ने चार फरवरी को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। वहीं, कुकी समुदाय से ताल्लुक रखने वाली भाजपा विधायक नेमचा किपगेन और नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) से जुड़े एल दिखो ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी।

भाजपा के गोविंदास कोंथौजम और एनपीपी के के लोकेन सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी।

भाजपा पदाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में होने वाली बैठकों के दौरान मुख्यमंत्री के जातीय हिंसा से विस्थापित हुए लोगों से जुड़े मुद्दों को भी उठाने की उम्मीद है।

सिंह ने हाल ही में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम के दौरान विस्थापित लोगों को आश्वासन दिया था कि वह अपनी दिल्ली यात्रा के दौरान उनकी मांगों पर चर्चा करेंगे।

मणिपुर में मई 2023 में मेइती और कुकी समुदायों के बीच भड़की जातीय हिंसा में अब तक 260 लोग मारे गए हैं और हजारों अन्य विस्थापित हुए हैं।

भाषा पारुल माधव

माधव