मणिपुर: इंफाल पूर्व में कांग्रेस नेता के घर के गेट के पास विस्फोट, कोई हताहत नहीं

Ads

मणिपुर: इंफाल पूर्व में कांग्रेस नेता के घर के गेट के पास विस्फोट, कोई हताहत नहीं

  •  
  • Publish Date - March 25, 2026 / 04:34 PM IST,
    Updated On - March 25, 2026 / 04:34 PM IST

इंफाल, 25 मार्च (भाषा) कांग्रेस की मणिपुर इकाई के श्रम विभाग के चेयरमैन तोइजाम लोकेन्द्रो के इंफाल पूर्वी जिले में स्थित आवास के गेट के पास एक विस्फोट हुआ हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे इंफाल पूर्वी जिले के कोंगपाल निंगथोबुंग में हुई लेकिन किसी भी संगठन ने विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है।

बुधवार सुबह पुलिस और फोरेंसिक अधिकारियों ने विस्फोट स्थल का मुआयना किया।

मणिपुर कांग्रेस विधायक दल के नेता कीशम मेघचंद्र ने लोकेन्द्रो के आवास पर हुए विस्फोट की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इतने उच्च सुरक्षा क्षेत्र में हुई यह घटना इंफाल की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

कीशम ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैं हमारे कांग्रेस नेता और मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के श्रम विभाग के चेयरमैन तोइजाम लोकेन्द्रो सिंह के आवास पर हुए बम विस्फोट की कड़ी निंदा करता हूं।”

वांगखेम से विधायक ने कहा, “उच्च सुरक्षा क्षेत्र के भीतर एक नागरिक क्षेत्र में हुई यह चौंकाने वाली घटना इंफाल की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।”

उन्होंने इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।

कीशम ने कहा कि सरकार को नेताओं और नागरिकों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

भाषा जितेंद्र सुरभि

सुरभि