मणिपुर : कुकी संगठन ने उखरुल में एनएच-202 पर से नाकेबंदी हटाई

मणिपुर : कुकी संगठन ने उखरुल में एनएच-202 पर से नाकेबंदी हटाई

मणिपुर : कुकी संगठन ने उखरुल में एनएच-202  पर से नाकेबंदी हटाई
Modified Date: August 12, 2026 / 09:43 am IST
Published Date: August 12, 2026 9:43 am IST

इंफाल, 12 अगस्त (भाषा) मणिपुर के उखरुल जिले में कुकी संगठनों के एक समूह ने राज्य के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजाम के साथ बातचीत के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-202 पर दो सप्ताह से अधिक समय से जारी नाकेबंदी हटा दी है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

‘कुकी सीएसओ वर्किंग कमेटी उखरुल’ (केसीडब्ल्यूसी) ने 27 जुलाई को ‘‘जवाबी नाकेबंदी’’ शुरू की थी। यह कदम जिले के कुकी इलाकों में कुछ समुदायों द्वारा की गई ‘‘चुनिंदा आर्थिक नाकेबंदी’’ के विरोध में उठाया गया था।

केसीडब्ल्यूसी ने मंगलवार रात जारी एक बयान में कहा कि राज्य सरकार के साथ बातचीत के बाद नाकेबंदी हटाने का फैसला किया गया।

कोंथौजाम ने देर रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह के निर्देश पर उखरुल के शांगकाई गांव में केसीडब्ल्यूसी के सदस्यों के साथ ‘‘लंबी और विस्तृत चर्चा’’ हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘चर्चा के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर जवाबी आर्थिक नाकेबंदी हटाने पर सहमति बनी।’’

राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 202 नगालैंड के मोकोकचुंग को मणिपुर के इंफाल से जोड़ता है।

फैसले के बाद करीब 460 मालवाहक वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते उखरुल की ओर रवाना हो गए। इससे परिवहन सेवा संचालकों, कारोबारियों और आम लोगों को राहत मिली है।

कोंथौजाम ने कहा, ‘‘राजमार्ग को फिर से खोलना लोगों और जरूरी सामान की आवाजाही बहाल करने तथा इस महत्वपूर्ण मार्ग को सभी के लिए खुला रखने की दिशा में एक अहम कदम है।’’

भाषा प्रचेता धीरज

धीरज


लेखक के बारे में