मणिपुर से सांसद शारदा देवी का राज्य की योजनाओं को जल्द मंजूरी देने का केंद्र से आग्रह
मणिपुर से सांसद शारदा देवी का राज्य की योजनाओं को जल्द मंजूरी देने का केंद्र से आग्रह
इंफाल, 29 जुलाई (भाषा) मणिपुर से राज्यसभा सदस्य ए. शारदा देवी ने बुधवार को केंद्र सरकार से राज्य सरकार द्वारा भेजे गए विभिन्न प्रस्तावों को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया।
शारदा देवी ने विशेष रूप से आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों (आईडीपी) के कल्याण और पुनर्वास पर ध्यान देने की अपील की।
शारदा देवी ने संसद भवन में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मुलाकात की और मौजूदा सामाजिक-राजनीतिक स्थिति के बीच राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
राज्यसभा सदस्य शारदा देवी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री से मणिपुर सरकार द्वारा सौंपे गए प्रस्तावों और मांगों को मंजूरी दिलाने में सहयोग करने का अनुरोध किया। उन्होंने जारी संकट से प्रभावित समुदायों के लिए समय पर हस्तक्षेप और बेहतर सहायता की आवश्यकता पर जोर दिया।
मणिपुर भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष शारदा देवी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय मणिपुर के लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा और बैठक के दौरान उठाए गए अनुरोधों पर उचित विचार करेगा।
भाषा अमित नरेश
नरेश

Facebook


