भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को युद्ध की तरह कवर किया जाता है : मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला

भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को युद्ध की तरह कवर किया जाता है : मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला

भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को युद्ध की तरह कवर किया जाता है : मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला
Modified Date: February 3, 2026 / 05:49 pm IST
Published Date: February 3, 2026 5:49 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

जम्मू, तीन फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि टी20 विश्व कप में भारत के साथ मैच से पाकिस्तान का नाम वापस लेना खेल और राजनीति के जटिल अंतर्संबंध का परिणाम है।

क्रिकेट प्रेमी अब्दुल्ला ने इस बात पर जोर दिया कि खेल को राजनीतिक मुद्दों से जोड़ने से अक्सर प्रतिकूल परिणाम निकलते हैं।

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, “हमने अब खेल और राजनीति के बीच अंतर करना पूरी तरह से बंद कर दिया है। बार-बार, मीडिया के माध्यम से, जब भी भारत और पाकिस्तान के बीच कोई मैच होता है तो उसे युद्ध के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। आप इसे कभी भी सामान्य मैच की तरह कवर नहीं करते।”

अब्दुल्ला ने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मैचों को हमेशा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है और यही इस तरह के विवादों का एक कारण है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “जब हम दूसरे देशों के खिलाफ खेलते हैं, तो उस पर इतना ध्यान नहीं दिया जाता, लेकिन जब बात पाकिस्तान की होती है, तो उसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है। तभी ऐसी स्थितियां उत्पन्न होती हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए। हां, वे इस विश्व कप में हिस्सा ले रहे हैं, लेकिन वे हमारे खिलाफ नहीं खेलेंगे।”

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पाकिस्तान को 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले से चुनिंदा रूप से हटने के लिए गंभीर परिणामों की चेतावनी दी है।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में