हरिद्वार, दो अप्रैल (भाषा) अगले साल होने वाले अर्धकुंभ से पहले हरिद्वार के शहरी क्षेत्र से कच्चे मांस की सभी दुकानों को हटाकर शहर से बाहर सराय गांव में स्थानांतरित कर दिया जाएगा । स्थानीय प्रशासन ने यह जानकारी दी।
हरिद्वार की महापौर किरण जैसल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है जिसे छह अप्रैल को होने वाली नगर निगम की बैठक में पेश किया जाएगा ।
हरिद्वार नगर पालिका उपनियम के अनुसार, गंगा के मुख्य स्नान घाट हरकी पौड़ी के पांच किलोमीटर के दायरे में पहले से ही मांस-मदिरा और अंडों की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है।
जैसल ने कहा कि हरिद्वार के शहरी क्षेत्रों में स्थित कच्चे मांस की सभी दुकानों को जल्द ही स्थायी रूप से सराय गांव में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए नगर निगम बोर्ड की छह अप्रैल को होने वाली बैठक में प्रस्ताव लाया जाएगा ।
महापौर ने कहा कि नगर निगम ने केवल 20 दुकानों को मांस की बिक्री के लिए लाइसेंस दिए हैं लेकिन वर्तमान में अवैध रूप से इससे कहीं अधिक ऐसी दुकानें चल रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इसकी वजह से शहर में गंदगी तो फैलती ही है बल्कि आवारा कुत्तों की समस्या भी बढ़ती जा रही है। बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद अवैध रूप से संचालित दुकानों का चालान काटा जाएगा तथा सभी दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी ।’’
जैसल ने यह भी कहा कि बोर्ड की बैठक में होटल और ढाबों में पके हुए मांस को परोसे जाने के विषय पर भी चर्चा की जाएगी ।
ज्वालापुर, जगजीतपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में खुले में मांस की दुकानें चल रही हैं जिन्हें हटाने को लेकर कई बार हिंदूवादी संगठन धरना-प्रदर्शन और आंदोलन कर चुके हैं।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी ने नगर निगम के इस प्रस्ताव का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अर्धकुंभ के मौके पर हरिद्वार में करोड़ों श्रद्धालु आयेंगे और ऐसे में मांस-मदिरा की दुकानों से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं इसलिए ऐसी सभी दुकानों को शहरी क्षेत्र से बाहर किया जाना आवश्यक है ।
राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि कुंभ मेले में किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हो, इसके लिए सभी आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे जिसमें मांस की दुकानों को शहरी क्षेत्रों से बाहर किया जाना भी शामिल है ।
भाषा सं दीप्ति
राजकुमार
राजकुमार