बिहार के मुख्य सचिव ने एलपीजी और पेट्रोल-डीजल आपूर्ति की समीक्षा की

Ads

बिहार के मुख्य सचिव ने एलपीजी और पेट्रोल-डीजल आपूर्ति की समीक्षा की

  •  
  • Publish Date - April 2, 2026 / 08:04 PM IST,
    Updated On - April 2, 2026 / 08:04 PM IST

पटना, दो अप्रैल (भाषा) बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बृहस्पतिवार को सभी जिलों के प्रभारी सचिवों और प्रमंडलीय आयुक्तों के साथ एलपीजी आपूर्ति और पेट्रोल-डीजल की स्थिति की व्यापक समीक्षा की और तेल कंपनियों को ‘मिशन मोड’ में कार्य करने का निर्देश दिया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बैठक में प्रमुख तेल कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव के निर्देश पर प्रभारी सचिवों और आयुक्तों ने 31 मार्च और एक अप्रैल को अपने-अपने जिलों का सघन निरीक्षण किया था, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट बैठक में प्रस्तुत की गई।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि सभी जिलों में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में ‘पैनिक बुकिंग’ के कारण आपूर्ति में देरी की स्थिति उत्पन्न हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आपूर्ति सुचारू है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

मुख्य सचिव ने उन शिकायतों को गंभीरता से लिया, जिनमें उपभोक्ताओं को सिलेंडर प्राप्त हुए बिना ही ‘डिलीवरी’ का संदेश मिलने की बात सामने आई है। उन्होंने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों को इस तकनीकी त्रुटि को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।

बैठक में यह भी बताया गया कि सभी जिलों में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सामान्य है। उर्वरक की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार छापेमारी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाए।

अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि सभी जिलों में नियंत्रण कक्ष सक्रिय हैं, जो प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर रहे हैं।

भाषा कैलाश राजकुमार शफीक

शफीक