मेघालय: फर्जी पहचान के जरिये यात्रा करने के आरोप में घाना का नागरिक गिरफ्तार

Ads

मेघालय: फर्जी पहचान के जरिये यात्रा करने के आरोप में घाना का नागरिक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - December 11, 2025 / 04:32 PM IST,
    Updated On - December 11, 2025 / 04:32 PM IST

शिलांग, 11 दिसंबर (भाषा) मेघालय के पश्चिम जयंतिया हिल्स जिले में फर्जी पहचान के जरिये यात्रा करने के आरोप में घाना के 35 वर्षीय एक नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

इसने बताया कि उसे बुधवार को स्थानीय ग्रामीणों ने उस समय पकड़ लिया जब वह कथित तौर पर अवैध रूप से बांग्लादेश भागने की कोशिश कर रहा था।

पश्चिम जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक जगपाल सिंह ने बताया कि विलियम एडो अगेई नामक व्यक्ति ने शुरू में खुद को स्टेनली ओबायेंडो बताया था, लेकिन बाद में लगातार पूछताछ के दौरान उसने अपनी असली पहचान बतायी।

सिंह ने बताया कि घाना के कुमासी अकरा निवासी अगेई जून 2025 में तीन महीने की वैधता वाले मेडिकल वीजा पर भारत आया था। उसने वीजा विस्तार के लिए आवेदन किया था, लेकिन उसे विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) से कोई जवाब नहीं मिला।

उन्होंने बताया कि उसे हाल में एफआरआरओ से एक ईमेल प्राप्त हुआ था जिसमें उसे या तो उनके कार्यालय में या कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित बनासवाड़ी थाने में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया था।

उन्होंने बताया कि ऐसा करने के बजाय अगेई ने फ्रैंक नामक एक दलाल की मदद मांगी, जिसने कथित तौर पर उसे मेघालय के रास्ते बांग्लादेश में प्रवेश कराने का वादा किया था।

सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों ने उसे रोक लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

उन्होंने बताया कि फर्जी पहचान के साथ यात्रा करने के आरोप में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

भाषा

शुभम देवेंद्र

देवेंद्र