मेघालय के सांसद की नए सीमेंट संयंत्र के लिए पर्यावरण मंजूरी प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग

Ads

मेघालय के सांसद की नए सीमेंट संयंत्र के लिए पर्यावरण मंजूरी प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 03:03 PM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 03:03 PM IST

शिलांग, 15 फरवरी (भाषा) शिलांग के सांसद रिकी ए जे सिंगकॉन ने मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में प्रस्तावित एकीकृत सीमेंट संयंत्र के लिए पर्यावरण मंजूरी प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है तथा परियोजना के संबंध में अपनी चिंताओं को जाहिर किया है।

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव को दिए गए एक ज्ञापन में सांसद ने अधिकारियों से सुदूरवर्ती दाइस्तोंग गांव में श्री सीमेंट लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित परियोजना से संबंधित कार्यवाही को कथित प्रक्रियागत अनियमितताओं और समग्र पर्यावरणीय प्रभावों की स्वतंत्र समीक्षा पूरी होने तक स्थगित करने का आग्रह किया।

इस परियोजना में 9.5 लाख टन प्रति वर्ष (टीपीए) की क्लिंकर इकाई, 9.9 लाख टीपीए की सीमेंट पीसने वाली इकाई, 15 मेगावाट का कैप्टिव पावर प्लांट, सात मेगावाट की अपशिष्ट ऊष्मा पुन:प्रयोग प्रणाली और 25.08 हेक्टेयर में फैला संबंधित बुनियादी ढांचा शामिल है।

क्लिंकर सीमेंट का उत्पादन चूना पत्थर, मिट्टी और अन्य पदार्थों के मिश्रण को भट्टी में उच्च तापमान पर गर्म करके किया जाता है।

सिंगकॉन ने कहा कि पूर्वी जयंतिया हिल्स में पहले से ही कई सीमेंट और खनन उद्योग मौजूद हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि संचयी क्षेत्रीय प्रभावों का आकलन किए बिना परियोजनाओं का अलग-थलग मूल्यांकन करने से पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों को नुकसान पहुंच सकता है।

भाषा सुरभि नोमान

नोमान