मेघालय : अग्निवीर प्रशिक्षण ले रहे दो युवकों की जीवाणु संक्रमण से मौत

Ads

मेघालय : अग्निवीर प्रशिक्षण ले रहे दो युवकों की जीवाणु संक्रमण से मौत

  •  
  • Publish Date - February 25, 2026 / 09:53 PM IST,
    Updated On - February 25, 2026 / 09:53 PM IST

शिलांग, 25 फरवरी (भाषा) असम रेजिमेंटल सेंटर में अग्निवीर का प्रशिक्षण ले रहे दो युवकों की संदिग्ध जीवाणु संक्रमण के कारण मृत्यु हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक 28 अन्य प्रशिक्षुओं को शिलांग के सैन्य अस्पताल में चिकित्सा निगरानी में रखा गया है।

उन्होंने बताया कि एक प्रशिक्षु की पिछले सप्ताह मृत्यु हो गई, जबकि दूसरे की सोमवार को मृत्यु हो गई।

दोनों को मेनिंगोकोकल जीवाणु संक्रमण के लक्षण दिखने के बाद सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ हमने मरीजों से नमूने एकत्र कर लिए हैं और जांच के नतीजों की पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं। ’’

रक्षा मंत्रालय के शिलांग स्थित जनसंपर्क अधिकारी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि एहतियाती उपाय के तौर पर, चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुसार युवकों के संपर्क में आए सभी लोगों को दवाएं दी गई हैं।

प्रशिक्षण केंद्र के भीतर मास्क का उपयोग और आवागमन पर प्रतिबंध जैसे उपाय भी लागू किए गए हैं।

बयान में कहा गया, ‘‘अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं। घबराने या दहशत फैलाने की कोई बात नहीं है।’’

मेघालय के स्वास्थ्य मंत्री डब्ल्यू शिला ने कहा कि राज्य का स्वास्थ्य विभाग सैन्य अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।

भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश

अविनाश