महबूबा ने उमर से द्रंग की सड़क की मरम्मत कराने का आग्रह किया

Ads

महबूबा ने उमर से द्रंग की सड़क की मरम्मत कराने का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - August 30, 2026 / 02:01 PM IST,
    Updated On - August 30, 2026 / 02:01 PM IST

श्रीनगर, 30 अगस्त (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बारामूला जिले में तंगमर्ग के पास स्थित पर्यटन स्थल द्रंग की सड़क की हालत सुधारने का आग्रह किया।

महबूबा ने कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।

पीडीपी अध्यक्ष ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और लोक निर्माण विभाग के आयुक्त-सचिव से अनुरोध है कि वे कृपया हस्तक्षेप करें और सड़क की मरम्मत सुनिश्चित करें। द्रंग में पर्यटन स्थल बनने की अपार संभावनाएं हैं और वह जम्मू-कश्मीर के पर्यटन मानचित्र पर अपना उचित स्थान पाने का हकदार है।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हाल में अपनी मां गुलशन नज़ीर के साथ इस क्षेत्र का दौरा किया था।

महबूबा ने कहा, ‘‘तंगमर्ग के द्रंग में अपनी मां के साथ कुछ अनमोल पल बिताए। यह अद्भुत झरने वाली बेहद खूबसूरत जगह है। फिर भी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतनी प्राकृतिक सुंदरता के बावजूद तंगमर्ग से द्रंग तक जाने वाली सड़क की दयनीय हालत ने इस खूबसूरत पर्यटन स्थल को खासकर पर्यटकों के लिए लगभग दुर्गम बना दिया है।’’

भाषा खारी रंजन

रंजन