इम्फाल, 31 जनवरी (भाषा) मेइती नागरिक समाज संगठनों ने शनिवार को यहां एक रैली निकालकर राज्य में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लागू करने और कुकी उग्रवादियों के साथ हुए ‘सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस’ (एसओओ) समझौते को रद्द करने की मांग की।
मेइती संगठनों के शीर्ष निकाय ‘कोऑर्डिनेटिंग कमेटी ऑन मणिपुर इंटीग्रिटी’ (सीओसीओएमआई) ने एक बयान में कहा कि केंद्र सरकार को आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों (आईडीपी) की उनके-अपने घरों में सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करनी चाहिए, साथ ही उन्हें पूर्ण सुरक्षा, पुनर्वास, आजीविका सहायता और आतंक से संरक्षण दिया जाना चाहिए।
समिति ने कहा कि पहाड़ी इलाकों में सक्रिय “विदेशी संबंधों वाले सशस्त्र ‘नार्को-आतंकी’ समूहों को वैधता, संरक्षण और समर्थन देने” से रोकने के लिए एसओओ समझौते को तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए।
एसओओ एक त्रिपक्षीय समझौता है, जिस पर केंद्र सरकार, राज्य सरकार और दर्जनों कुकी एवं जोमी उग्रवादी संगठनों ने हस्ताक्षर किए हैं।
भाषा
राखी पारुल
पारुल