उत्तरी राज्यों में पारा सामान्य से ऊपर; हिमाचल और कश्मीर में अगले सप्ताह बारिश का पूर्वानुमान

उत्तरी राज्यों में पारा सामान्य से ऊपर; हिमाचल और कश्मीर में अगले सप्ताह बारिश का पूर्वानुमान

उत्तरी राज्यों में पारा सामान्य से ऊपर; हिमाचल और कश्मीर में अगले सप्ताह बारिश का पूर्वानुमान
Modified Date: March 9, 2026 / 12:05 am IST
Published Date: March 9, 2026 12:05 am IST

नयी दिल्ली, आठ मार्च (भाषा) उत्तरी राज्यों में रविवार को दिन का तापमान मौसमी औसत से ऊपर रहा, हालांकि मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले सप्ताह हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में बारिश हो सकती है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.2 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है।

दिल्ली में पिछले 50 वर्षों में मार्च के पहले सप्ताह का सबसे गर्म दिन शनिवार को दर्ज किया गया, जब दिन का तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

पहाड़ी राज्यों में, हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला और भुंतर में ‘तीव्र लू’ दर्ज की गई, जबकि सुंदरनगर में भी लू का अनुभव हुआ।

राज्य के अधिकांश स्टेशन पर न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से सात डिग्री अधिक था, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 3-12 डिग्री अधिक था।

शिमला मौसम कार्यालय ने सोमवार को तीन जिलों – कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।

कश्मीर में भी रविवार को दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा, जिसमें तापमान 9.4 से 10.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

श्रीनगर में अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 9.6 डिग्री अधिक है।

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग स्थित पहलगाम पर्यटक स्थल में अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 9.4 डिग्री अधिक है। पर्यटक स्थल पहलगाम वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविरों में से एक है।

उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 9.6 डिग्री अधिक है।

राजस्थान में, दो स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि कई अन्य स्थानों पर यह आंकड़ा इसके करीब था।

राज्य में सबसे गर्म स्थान झुंझुनू जिले का पिलानी रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद बाड़मेर में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

भारत मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गर्म मौसम की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

पंजाब और हरियाणा में भी तापमान सामान्य से अधिक रहा।

दोनों राज्यों में हरियाणा का हिसार सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक था।

दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है।

हरियाणा के अंबाला में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से छह डिग्री अधिक था, जबकि नारनौल में तापमान 36.7 डिग्री तक पहुंच गया, जो औसत से पांच डिग्री अधिक था। करनाल में 31.6 डिग्री, गुरूग्राम में 34.3 डिग्री और भिवानी में 36.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

पंजाब के फरीदकोट में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना और पटियाला में अधिकतम तापमान क्रमशः 33 डिग्री और 33.1 डिग्री रहा, जो औसत से लगभग सात डिग्री अधिक था, जबकि अमृतसर में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था।

हालांकि, मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि सोमवार से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ की संभावना जतायी।

शिमला मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों में से छह जिलों में आने वाले दिनों में गरज चमक के साथ बौछार और तेज हवाएं (30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से) का येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर और लाहौल और स्पीति में 11 और 12 मार्च को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने घाटी में अगले कुछ दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

विभाग ने कहा कि सोमवार को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है, खासकर ऊंचे इलाकों में।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 10 से 12 मार्च के बीच ऊंचे इलाकों में कई जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है, जबकि कुपवाड़ा, बांदीपोरा, गांदरबल और अनंतनाग के कुछ ऊंचे इलाकों में मध्यम बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि 13 से 17 मार्च के बीच ऊंचे पहाड़ी इलाकों में छिटपुट बारिश या बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग ने किसानों को 10 से 12 मार्च तक कृषि गतिविधियां स्थगित करने की सलाह दी है। इसमें यह भी अनुमान जताया गया है कि नौ से 12 मार्च के बीच कई स्थानों पर दिन के तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।

भाषा तान्या अमित

अमित


लेखक के बारे में