दिल्ली के अब तक के सबसे गर्म दिन पर पारा 41.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा

Ads

दिल्ली के अब तक के सबसे गर्म दिन पर पारा 41.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 09:56 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 09:56 PM IST

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार का दिन बेहद गर्म रहा और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था।

शहर के मुख्य केंद्र सफदरजंग में इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां पारा 41.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा था।

तापमान में यह बढ़ोतरी सभी केंद्रों पर महसूस की गई। इनमें ‘रिज’ सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक था।

इस बीच, पालम में तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से तीन डिग्री अधिक), लोधी रोड पर 41.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.4 डिग्री ) और आयानगर में 41.7 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.3 डिग्री ज़्यादा) तापमान दर्ज किया गया। ये आंकड़े पूरे शहर में दिन के तापमान में हुई व्यापक बढ़ोतरी को दर्शाते हैं।

राजधानी में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया।

वहीं, पालम में न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक), लोधी रोड में 23 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1 डिग्री अधिक), रिज में 25.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक) और आया नगर में 25.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया।

तापमान में तेज बढ़ोतरी के बावजूद भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अभी भीषण गर्मी की स्थिति नहीं बनी है।

विभाग के अनुसार, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर हो और सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री अधिक हो, तब उसे लू की स्थिति माना जाता है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में लू चलने की आशंका जताई है।

हालांकि 26 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

इस बीच, वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक(एक्युआई) 176 दर्ज किया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, 0-50 के बीच एक्युआई ‘अच्छा’, 51-100 ‘संतोषजनक’, 101-200 ‘मध्यम’, 201-300 ‘खराब’, 301-400 ‘बहुत खराब’ और 401-500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भाषा

राखी माधव

माधव