भुवनेश्वर, 25 अप्रैल (भाषा) ओडिशा में शनिवार को भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहा और राज्य के कम से कम 17 स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के शाम के बुलेटिन के अनुसार, औद्योगिक शहर झारसुगुड़ा 44.1 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जो सामान्य से लगभग 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसके बाद टिटलागढ़ में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जिन स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा, उनमें बोलांगीर (43.5), नुआपाड़ा (43), सुंदरगढ़ (42.8), राउरकेला, संबलपुर और हीराकुद (42.6), भवानीपटना और बौध (42) शामिल हैं।
राज्य की राजधानी भुवनेश्वर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि कटक में 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भुवनेश्वर और कटक में सापेक्षिक आर्द्रता क्रमशः 77 और 79 प्रतिशत रही।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार के लिए अपने पूर्वानुमान में कहा है कि बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजम, गजपति, झारसुगुड़ा, बोलांगीर, संबलपुर और अनुगुल सहित 15 जिलों के अलग-अलग स्थानों पर गर्म और उमस भरी स्थिति रहने की संभावना है।
विभाग ने रविवार दोपहर या शाम के समय गंजम, गजपति, कोरापुट, रायगढ़, क्योंझर, मयूरभंज और मलकानगिरी जिलों में एक या दो स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया है।
भाषा सुमित रंजन
रंजन