पंचकूला में सेवानिवृत्त कैप्टन की पत्नी की हत्या के मामले में घरेलू सहायिका समेत तीन लोग गिरफ्तार

Ads

पंचकूला में सेवानिवृत्त कैप्टन की पत्नी की हत्या के मामले में घरेलू सहायिका समेत तीन लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 01:00 AM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 01:00 AM IST

चंडीगढ़, चार अगस्त (भाषा) पंचकूला में घरेलू सहायिका ने आभूषण गायब होने को लेकर हुए विवाद के बाद सेना के एक सेवानिवृत्त कैप्टन की 72 वर्षीय पत्नी की कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मामले में घरेलू सहायिका, उसके पति और बेटे को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, नीरा मेहता का शव सोमवार को पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित एक मकान की छत से बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार बुजुर्ग महिला की हत्या की गुत्थी 24 घंटे में सुलझा ली गयी और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।

पंचकूला की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अदिति सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि सोमवार को पंचकूला निवासी सेवानिवृत्त कैप्टन मनमोहन लाल मेहता ने सेक्टर-21 पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी।

मेहता ने शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी नीरा मेहता को घरेलू सहायिका पर घर से आभूषण चोरी करने का संदेह था और इसी सिलसिले में वह सेक्टर-21 स्थित घरेलू सहायिका के घर गई थीं लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस तत्काल घरेलू सहायिका के घर पहुंची, जो बाहर से बंद था।

पुलिस ने पड़ोसी मकान की छत से देखा कि बगल के मकान की छत पर एक चटाई में लिपटा हुआ महिला का शव पड़ा है।

पुलिस के मुताबिक, इस संबंध में सेक्टर-20 थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 103(1) (हत्या), 238(बी) (साक्ष्य मिटाने), 3(5) (साझा उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए कई व्यक्तियों द्वारा किया गया आपराधिक कृत्य) और 305 (चोरी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि त्वरित जांच के दौरान सेक्टर-21 चौकी की टीम ने मुख्य आरोपी घरेलू सहायिका सुनीता, उसके पति शंकर और बेटे राजा को पंचकूला से गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कथित चोरी को लेकर हुआ विवाद मारपीट में बदल गया और इस दौरान बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

भाषा जितेंद्र जोहेब

जोहेब